रायगढ़, सेवा संकल्प अभियान के तहत सेक्टर उर्दना अंतर्गत ग्राम गेरवानी के सामुदायिक भवन में आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित दो हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजनाओं से प्राप्त राशि का उपयोग परिवार एवं बच्चों के पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किया जा रहा है। इस दौरान 6 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
आंगन मिलन उत्सव में महिलाओं एवं बच्चों के लिए चित्रकला, मेहंदी एवं कुर्सी दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के सभी बच्चों को उपहार स्वरूप कॉपी, पेंसिल एवं चॉकलेट वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही रेडी-टू-ईट से तैयार विभिन्न पोषण सामग्री का स्टॉल भी लगाया गया, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने पोषण शपथ लेकर बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। अतिथियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत अतिथियों एवं ग्रामवासियों द्वारा मुनगा के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री राम श्याम डनसेना, सरपंच श्री मुकेश अग्रवाल, श्री अशोक अग्रवाल, श्री अनुपम पॉल, श्री खुशीराम अजय सहित, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



