Home Blog मौहापाली में विधायक उमेश पटेल ने किया जनसंपर्क, विकास कार्यों का किया...

मौहापाली में विधायक उमेश पटेल ने किया जनसंपर्क, विकास कार्यों का किया लोकार्पण

0

ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात कर सुनी समस्याएं, कई युवाओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

खरसिया । पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत मौहापाली के विभिन्न मोहल्लों में जनसंपर्क एवं भेंट-मुलाकात कर ग्रामीणों से संवाद किया। शाम करीब 4 बजे गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-ताशों के साथ विधायक उमेश पटेल का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Ro.No - 13998/148

जनसंपर्क के दौरान विधायक पटेल ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं स्थानीय मांगें सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

बिजली बिल को लेकर सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन में विधायक उमेश पटेल ने छत्तीसगढ़ में बिजली दरों एवं बढ़ते बिजली बिल को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन करने वाला राज्य है, इसके बावजूद आम ग्रामीणों और गरीब परिवारों पर महंगे बिजली बिल का बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बिजली का बढ़ता खर्च उनके घरेलू बजट को प्रभावित कर रहा है।

पटेल ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी बिजली बिल से जुड़े मुद्दे को उठाया है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को भारी-भरकम बिजली बिल का सामना नहीं करना चाहिए। कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीब एवं आम उपभोक्ताओं को राहत देने और बिजली दरों को कम करने को प्राथमिकता देने की बात उन्होंने कही।

विकास कार्यों का किया लोकार्पण

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विधायक उमेश पटेल ने ग्राम पंचायत मौहापाली में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामीणों को समर्पित किया। इनमें विभिन्न स्थानों पर निर्मित सीसी रोड, पंचायत भवन, प्राथमिक शाला भवन, चबूतरा एवं सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्य शामिल रहे।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ग्रामीणों की मांगों और आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार कार्य किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील भी की।

कई युवाओं ने कांग्रेस में किया प्रवेश

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर कई युवाओं ने कांग्रेस पार्टी में प्रवेश किया। विधायक उमेश पटेल ने नवप्रवेशी युवाओं को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि युवा साथियों के पार्टी से जुड़ने से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत मौहापाली के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here