Home Blog ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए पात्र किशोरियों का हो रहा निःशुल्क...

ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए पात्र किशोरियों का हो रहा निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण

0

अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील

रायगढ़, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में किशोरियों को ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभांठा की स्वास्थ्य टीम ने रामभांठा सेक्टर के अंतर्गत कार्मेल स्कूल, रायगढ़ में टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित कर 14 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया।

Ro.No - 13998/148

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं करने वाली किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है। एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के संक्रमण से बचाव में यह टीका महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में ग्रीवा कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है।

शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क टीकाकरण

जिले के शासकीय अस्पतालों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पात्र किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। टीकाकरण की पात्रता एवं प्रक्रिया की जानकारी के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या एएनएम से संपर्क किया जा सकता है। टीकाकरण कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काकोली पटनायक, एमपीएस श्री सुबोध कुमार माझी, एएनएम श्रीमती प्रभा डनसेना और स्टाफ नर्स श्री रणजीत पटेल सहित विद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानुप्रताप पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम के मार्गदर्शन में जिले में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here