14 क्षेत्रों में उत्कृष्ट युवाओं और एक स्वैच्छिक संगठन को किया जाएगा सम्मानित
रायगढ़, प्रदेश के युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’ प्रदान किया जाता है। वर्ष 2026-27 के लिए इस सम्मान हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक युवा और स्वैच्छिक संगठन 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में कार्यालय सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, जिला रायगढ़ में आवेदन जमा कर सकते हैं।

युवा रत्न सम्मान योजना के तहत प्रतिवर्ष एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक युवा का चयन कर सम्मानित करने का प्रावधान है। सामाजिक, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन, कला एवं संगीत तथा लोककला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को इस सम्मान के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाता है।
संगठन को पांच लाख, युवाओं को एक से ढाई लाख रुपये तक का पुरस्कार
योजना के अंतर्गत चयनित स्वैच्छिक संगठन को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ पदक, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। वहीं, छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपये तथा अन्य निर्धारित श्रेणियों में चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ पदक, शॉल और प्रमाण पत्र दिया जाता है। महिला एवं बाल विकास श्रेणी का सम्मान केवल महिलाओं और बालिकाओं को प्रदान किया जाएगा। किसी व्यक्ति, संगठन या संस्था को एक ही श्रेणी में एक से अधिक बार यह सम्मान नहीं दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक
युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। निर्धारित आयु सीमा के अनुसार, संबंधित पुरस्कार वर्ष की एक अप्रैल को आवेदक की आयु 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा 31 मार्च तक 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। इच्छुक आवेदक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन कार्यालय सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, जिला रायगढ़ में जमा कर सकते हैं। योजना और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी भी कार्यालयीन समय में इसी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।



