Home Blog वित्तीय समावेशन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने चलेगा संतृप्ति अभियान

वित्तीय समावेशन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने चलेगा संतृप्ति अभियान

0

21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर होंगी विभिन्न गतिविधियां

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर रहेगा विशेष जोर

Ro.No - 13998/148

रायगढ़, जिले में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा केंद्र सरकार की प्रमुख वित्तीय सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक वित्तीय समावेशन योजनाओं का संतृप्ति अभियान संचालित किया जाएगा। जिले के ग्राम पंचायतों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कैम्प का आयोजन होगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति वित्तीय सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। यह गतिविधि कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित की जाएंगी।

अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना में पात्र हितग्राहियों का नामांकन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत नए खाते खोलने, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के परिवारों के जन धन खाते खोलने तथा निष्क्रिय जन धन खातों को पुनः सक्रिय करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बीमा, पेंशन और बैंकिंग सुविधाओं का मिलेगा लाभ

अभियान के दौरान बीमा योजनाओं से संबंधित खातों में आधार सीडिंग, बैंक खातों की री-केवाईसी, निष्क्रिय खातों को सक्रिय करने तथा जहां आवश्यक हो, सी-केवाईसी आईडी तैयार करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके अलावा बचत खातों एवं अन्य बैंकिंग सुविधाओं में नामांकन (नॉमिनी) संबंधी विवरण अद्यतन किए जाएंगे, ताकि खाताधारकों को बैंकिंग सेवाओं का सुचारु लाभ मिल सके।

ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से आयोजित होगा अभियान

जिला प्रशासन द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में अभियान का अनिवार्य रूप से आयोजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। स्थानीय स्तर पर पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देने, नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराने तथा बैंकिंग संबंधी लंबित कार्यों का निराकरण करने की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से जिले में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने, जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का कवच उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here