
रायगढ़, जिले में जल जीवन मिशन को बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को घर मंे ही नल के माध्यम से सुचारू रूप से पानी मिल रहा है। रायगढ़ के ग्राम तिलगी में कभी पीने के पानी के लिए दूर तक जाना और पानी लाने में काफी समय व मेहनत खर्च करना रोजमर्रा की मजबूरी थी, लेकिन अब ग्रामीणों को घर के आंगन में ही नल से स्वच्छ पेयजल मिलने लगा है। यह सुविधा ग्राम तिलगी की निवासी श्रीमती पार्वती चौधरी के जीवन को आसान बना रही है। केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत घर में नल कनेक्शन मिलने से उनकी वर्षों पुरानी पानी की समस्या दूर हो गई है।

श्रीमती पार्वती चौधरी बताती हैं कि पहले घर में नल कनेक्शन नहीं होने के कारण पीने के पानी के लिए दूर जाना पड़ता था। पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। खासकर घरेलू कामकाज के बीच पानी की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती थी। लेकिन जल जीवन मिशन के तहत घर में नल कनेक्शन लगने के बाद अब उन्हें घर पर ही पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल उनकी परेशानी कम हुई है, बल्कि समय और श्रम की भी बचत हो रही है। पार्वती चौधरी ने इस सुविधा के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर में ही पानी मिलने से परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी काफी सहज हो गई है।
हर घर जल का संकल्प, ग्रामीण जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। योजना के तहत गांवों में पानी की टंकियों और पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर तक जलापूर्ति की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके साथ ही जल गुणवत्ता की जांच के लिए फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से ग्रामीणों को पानी की शुद्धता जांचने और स्वच्छ पेयजल के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। योजना से विशेष रूप से महिलाओं को पानी लाने की रोजाना की मशक्कत से राहत मिल रही है।



