Home Blog डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसलवार रकबे का सटीक और स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित...

डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसलवार रकबे का सटीक और स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करें- कमिश्नर डोमन सिंह

0

तोकापाल एवं गीदम तहसील के ग्रामों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का लिया जायजा, सर्वेक्षण दल को पूरी सतर्कता एवं गंभीरता से कार्य करने के दिए निर्देश

जगदलपुर,

Ro.No - 14097/135

कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बुधवार को बस्तर संभाग में डिजिटल क्रॉप सर्वे की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए बस्तर जिले की तोकापाल तहसील के ग्राम राजूर तथा दंतेवाड़ा जिले की गीदम तहसील के ग्राम बड़े पनेड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में चल रहे खरीफ फसल सर्वेक्षण कार्य का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं सर्वेक्षण दल को सर्वे की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और शुद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत किसानों के खेतों में वास्तविक स्थिति के अनुरूप फसल क्षेत्र का रकबा दर्ज किया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सर्वेक्षण दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर खेतों का निरीक्षण करें और निरा बोये गए फसल क्षेत्र, पड़त रकबा तथा अन्य उपयोग में आने वाले भूमि क्षेत्र का स्पष्ट एवं सही उल्लेख सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए, ताकि डिजिटल अभिलेखों में दर्ज जानकारी वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो।

उन्होंने सर्वेक्षण कार्य में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक खेत का भौतिक सत्यापन करते हुए पूरी सावधानी से जानकारी संकलित करें। डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़ों की शुद्धता भविष्य में कृषि संबंधी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और किसानों को शासन की विभिन्न सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर कमिश्नर ने संबंधित किसानों से भी सीधे संवाद किया और उनके खेतों में बोई गई फसलों तथा वर्तमान फसल की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से समन्वय बनाकर सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम तोकापाल श्री सत्येंद्र बंजारे, तहसीलदार तोकापाल श्रीमती यशोदा केतारप, एसडीएम गीदम श्री रामसिंह सोरी, तहसीलदार गीदम पूनम ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here