Home Blog साइबर सेल की तकनीकी कार्रवाई से बड़ी सफलता, जनवरी से अब तक...

साइबर सेल की तकनीकी कार्रवाई से बड़ी सफलता, जनवरी से अब तक 240 मोबाइल बरामद; कीमत 50 लाख रुपए से अधिक

0

सक्ती । गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए सक्ती पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और लगातार निगरानी के जरिए 100 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए हैं।

साइबर तकनीक से दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंची पुलिस

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन तथा साइबर नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में की गई। साइबर सेल की टीम ने सक्ती जिले में गुम हुए मोबाइल की पतासाजी के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों में गुम हुए मोबाइल फोन की भी तकनीकी माध्यमों से तलाश की और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।

Ro.No - 13954/82

पुलिस टीम द्वारा मोबाइल के तकनीकी विवरण, आईएमईआई नंबर एवं अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लगातार पतासाजी की गई। इसके परिणामस्वरूप अलग-अलग स्थानों से 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

जनवरी से अब तक 240 मोबाइल की बरामदगी

सक्ती पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक साइबर सेल द्वारा कुल 240 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए से अधिक है।

इससे पहले पुलिस ने 140 मोबाइल फोन बरामद किए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए थी। इन्हें भी उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपा जा चुका है। अब 100 और मोबाइल की बरामदगी के बाद पुलिस की इस मुहिम को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

सक्ती पुलिस की साइबर सेल द्वारा लगातार की जा रही इस कार्रवाई से न केवल गुम मोबाइल धारकों को उनका कीमती सामान वापस मिल रहा है, बल्कि चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त पर भी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।

लंबे इंतजार के बाद वापस मिला अपना मोबाइल

मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारकों ने सक्ती पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई की सराहना की तथा पुलिस अधिकारियों एवं पूरी टीम का आभार जताया।

पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में यह भरोसा भी बढ़ा है कि मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद यदि समय पर सूचना दी जाए तो तकनीकी माध्यमों से उसकी पतासाजी कर बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।

मोबाइल गुम या चोरी हो तो तत्काल दें सूचना

सक्ती पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें। साथ ही मोबाइल का आईएमईआई नंबर, बिल एवं अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों, हाट-बाजार, मेला और मड़ाई जैसे आयोजनों में मोबाइल फोन रखते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

रास्ते में मिले मोबाइल को अपने पास न रखें

पुलिस ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि यदि रास्ते में कोई मोबाइल फोन मिलता है तो उसे अपने पास रखने के बजाय तत्काल नजदीकी थाना में जमा कराएं। किसी दूसरे व्यक्ति के गुम या चोरी हुए मोबाइल को अपने पास रखना अथवा उसका उपयोग करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
बिना बिल और IMEI के मोबाइल खरीदने से बचें

पुलिस ने मोबाइल दुकानदारों और आम नागरिकों को भी चेतावनी दी है कि बिना बिल और आईएमईआई नंबर की पुष्टि किए मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त न करें। चोरी या किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े मोबाइल की खरीद-बिक्री में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here