स्कूलों में पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें
पालकों से बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सहमति देने की अपील
रायगढ़, जिले की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के समस्त शासकीय एवं निजी स्कूलों में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण महाअभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें प्रतिदिन जिले के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कर रही हैं। स्कूल परिसर में ही टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होने से बालिकाओं और उनके पालकों को काफी सहूलियत मिल रही है।
सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि 14 वर्ष तक की बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाना है। जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर माइक्रो-प्लान तैयार किया गया है। इसके अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूलवार पहुंचकर पात्र छात्राओं का टीकाकरण कर रही हैं। अभियान के अंतर्गत 24 अगस्त को रायगढ़ शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में 27 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया।

स्कूलों में टीकाकरण के साथ जागरूकता पर भी जोर
स्वास्थ्य विभाग की टीमें केवल टीकाकरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्कूलों में छात्राओं, शिक्षकों और पालकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर तथा इसके बचाव के उपायों की जानकारी भी दे रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा बताया जा रहा है कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है और समय पर एचपीवी टीकाकरण कराकर इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सीएमएचओ ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में शामिल है। किशोरावस्था में निर्धारित समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से भविष्य में इस बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। इसी उद्देश्य से छात्राओं को उनके स्कूल परिसर में ही टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इस सुरक्षा कवच का लाभ ले सकें।
स्वास्थ्य विभाग ने पालकों से की सक्रिय सहयोग की अपील
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों तथा प्रबुद्ध नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है। साथ ही पालकों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी बेटियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए एचपीवी टीकाकरण के महत्व को समझें और अभियान में आवश्यक सहमति प्रदान करें। टीकाकरण अभियान को जिले के सभी स्कूलों तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को समय पर टीकाकरण का लाभ पहुंचाना है, ताकि आने वाले समय में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।



