Home Blog जिला स्तरीय क्षय उन्मूलन कार्यकारिणी की अंतर्विभागीय बैठक सम्पन्न

जिला स्तरीय क्षय उन्मूलन कार्यकारिणी की अंतर्विभागीय बैठक सम्पन्न

0
जनभागीदारी से साकार हो रहा टीबी मुक्त रायगढ़ का संकल्प, 358 ग्राम पंचायत टीबी मुक्त
कलेक्टर ने निक्षय मित्रों को किया सम्मानित, उपचाररत टीबी मरीजों को मिल रहा पोषण एवं उपचार सहयोग

रायगढ़, 18 जून 2026/ राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय क्षय उन्मूलन कार्यकारिणी की अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत उत्कृष्ट योगदान देने वाले निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल शासकीय प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की व्यापक सहभागिता से ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे औद्योगिक संस्थानों एवं निक्षय मित्रों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में बताया गया कि एनटीपीसी लारा, जेपीएल, हिंडालको, अडानी, जिंदल साउथ वेस्ट स्टील, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स, नालवा, जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड तथा एसईसीएल सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। इन संस्थानों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पंजीकृत उपचारत समस्त टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें नियमित फूड बास्केट, पोषण सहायता एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही लैब तकनीशियनों की व्यवस्था कर जांच एवं उपचार सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
बैठक में टीबी मरीजों की वर्तमान स्थिति, उपचार सफलता दर, निक्षय पोषण योजना के तहत भुगतान, टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी तथा टीबी मुक्त पंचायत अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि जिले की 550 ग्राम पंचायतों में से 358 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है, जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बैठक में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Ro.No - 13848/144

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here