- सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गोपनीय, गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को मिलेगा पुरस्कार
- नकली शराब के संगठित नेटवर्क के खुलासे के बाद से फरार है आरोपी विनय सिंह ठाकुर
- संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की तैयारी, जिला पंजीयक और कार्यपालिक दंडाधिकारी को भेजा गया पत्र
- “जनता के सहयोग से संगठित अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा, फरार आरोपी पुलिस की रडार पर है”— एसएसपी शशि मोहन सिंह
22 जून, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह द्वारा थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 178/2026 धारा 336(4), 336(3), 340(2), 61(2), 275 बीएनएस तथा धारा 34(2), 36, 49(क), 59(क) आबकारी अधिनियम के प्रकरण में फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर पिता गजराज सिंह ठाकुर निवासी विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़, जिला रायगढ़ की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति हेतु 10,000 के नगद पुरस्कार की उद्घोषणा की गई है। सूचना देने वाले का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जाएगा तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ का निर्णय अंतिम होगा।
08 जून को रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग ने किया था नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़
उल्लेखनीय है कि 08 जून 2026 की रात्रि रायगढ़ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर, थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में संचालित नकली शराब के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन तथा शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूछताछ में अपने भाई सुभाष पटेल तथा विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से इस अवैध कारोबार का संचालन करना स्वीकार किया था।

सुभाष पटेल गिरफ्तार, मुख्य आरोपी विनय सिंह फरार
प्रकरण की विवेचना के दौरान 10 जून को पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था तथा उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। शराब का रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से उसकी बिक्री कराई जाती थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं।
आरोपी विनय सिंह के घर पर नोटिस चस्पा, लगातार दबिश जारी
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना दिनांक 08 जून 2026 से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार है। 17 जून को पुलिस टीम जब विकास नगर स्थित उसके निवास पहुंची तो मकान बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई नहीं मिला और आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी तथा उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार मकान के दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।संपत्ति कुर्की की तैयारी, राजस्व और पंजीयन विभाग से मांगी गई जानकारी
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी एकत्रित करने हेतु थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य द्वारा कार्यपालिक दंडाधिकारी, जिला रायगढ़ तथा जिला पंजीयक रायगढ़ को पत्र प्रेषित किया गया है। आरोपी की संपत्तियों का ब्यौरा प्राप्त होने के उपरांत उसकी संपत्ति कुर्क कराने के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष आवश्यक गुजारिश प्रस्तुत की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से पतासाजी जारी है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश—
“संगठित अपराधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए आमजन का सहयोग अपेक्षित है जो भी व्यक्ति उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करेगा अथवा ऐसी महत्वपूर्ण सूचना देगा, जिसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 10,000 के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा तथा उसकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। कानून से भागने वालों के विरुद्ध संपत्ति कुर्की सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
फरार आरोपी- विनय सिंह ठाकुर पिता – गजराज सिंह ठाकुर निवासी – विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
आरोपी के संबंध में सूचना देने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर- 947919200, 9479193201, 9479193202 एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9479193299 या थाना प्रभारी कोतरारोड़ के मोबाइल नंबर 9479193211 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।



