28 जुलाई को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के हाथों होंगे सम्मानित
रायगढ़, 27 जुलाई 2026 जिले के विकासखंड खरसिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटे मुड़पार के तीन होनहार विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा-2026 में शानदार सफलता हासिल कर रायगढ़ जिले, अपने विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए 28 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित भेंट-संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के हाथों राजू राठिया, धेनु राठिया और डिगेंद्र राठिया सम्मानित होंगे। आदिवासी अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले इन तीनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली द्वारा दूरस्थ आदिवासी अंचलों में निवासरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। रायगढ़ जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटे मुड़पार के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन का शानदार प्रदर्शन करते हुए नीट परीक्षा-2026 में सफलता हासिल की है। विद्यालय के राजू राठिया ने 720 में से 405 अंक, धेनु राठिया ने 375 अंक तथा डिगेंद्र राठिया ने 374 अंक प्राप्त किए हैं।
आदिवासी अंचल से आने वाले इन विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और निरंतर अध्ययन के बल पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।

मुख्यमंत्री निवास में होगा भेंट-संवाद
नीट परीक्षा-2026 में सफल विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं सम्मान के लिए 28 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास रायपुर में भेंट-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटे मुड़पार के तीनों सफल विद्यार्थियों को शामिल होने का अवसर मिला है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इन विद्यार्थियों से भेंट-संवाद करेंगे तथा उनकी सफलता के लिए उन्हें सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने का अवसर विद्यार्थियों के लिए निश्चित रूप से गौरव और प्रेरणा का क्षण होगा। इससे न केवल इन विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि विद्यालय में अध्ययनरत अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
कलेक्टर ने दी बधाई
तीनों विद्यार्थियों की सफलता पर जिला स्तरीय आदिम जाति कल्याण एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं सहायक आयुक्त श्रीकांत दुबे ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय के प्राचार्य श्री अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ पीजीटी श्री जवाहरलाल सिन्हा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी राजू राठिया, धेनु राठिया और डिगेंद्र राठिया को नीट में सफलता प्राप्त करने पर बधाई दी है। शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
आदिवासी विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणा
राजू, धेनु और डिगेंद्र की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को मिल रहे शैक्षणिक अवसरों की सफलता भी है। तीनों विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र या संसाधन की मोहताज नहीं होती। यदि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने का अवसर मिले तो वे किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकते हैं।



