Congress leader’s statement, said – If our government is formed…he who has two wives will get Rs 2 lakh…
मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता के दो पत्नियों वाले बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।
दरअसल, रतलाम से कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया ने बीते गुरुवार को एक बयान दिया जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में जमकर बवाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिन पुरुषों की दो पत्नियां हैं उन्हें महालक्ष्मी योजना के तहत 2 लाख रुपये मिलेंगे। इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भाजपा ने भूरिया की शिकायत चुनाव आयोग से कर कार्रवाई की मांग की है। कांतिलाल भूरिया ने शुक्रवार शाम एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि मीडिया में चल रही खबरें गलत हैं और यह सिर्फ एक सवाल का व्यंग्यात्मक जवाब था।
इधर विवाद खड़ा होता देख भूरिया ने अपनी सफाई में कहा, ‘मीडिया में जो चल रहा है वह गलत है। बैठक में बैठे एक आदिवासी व्यक्ति ने पूछा कि अगर उसकी दो पत्नियां हैं तो क्या उसे भी इसका लाभ मिलेगा? आदिवासी समाज में इसकी कानूनी अनुमति है, तो मैंने व्यंग्यात्मक ढंग से जवाब दिया।’ उनके एक्स हैंडल पर एक वीडियो बयान जारी किया गया।
बता दें कि कांतिलाल भूरिया को कांग्रेस ने रतलाम लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भुरिया के सैलाना विधानसभा के शिवगढ़ में 9 मई गुरुवार की हुई एक सभा में ये बयान दिया था।

जीतू पटवारी ने किया भूरिया के बयान का समर्थन
इसी रैली में बोलते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने भूरिया के बयान का समर्थन किया. उन्होंने कहा, ‘भूरिया जी ने अभी एक शानदार घोषणा की है कि दो पत्नियों वाले व्यक्ति को दोगुनी (1 लाख रुपये की वित्तीय सहायता) मिलेगी.’ कांग्रेस के घोषणापत्र के अनुसार, महालक्ष्मी योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाली महिलाओं को इस कैटेगरी से बाहर निकलने तक 8500 रुपये प्रति माह मिलेंगे, जो सालाना 102000 रुपये होते हैं.
कांतिलाल भूरिया ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आदिवासियों का अपमान करने और सीधी में एक भाजपा नेता द्वारा एक आदिवासी पर पेशाब किए जाने पर चुप रहने का आरोप लगाया. भूरिया का मुकाबला मध्य प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनिता चौहान से है. रतलाम में चौथे चरण में 13 मई को लोकसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे. इस बीच, एमपी बीजेपी के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भूरिया के बयान की क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपलोड की और चुनाव आयोग को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस कर रही बहुसंख्यक हिंदुओं का अपमान: BJP
बता दें कि कांतिलाल भूरिया ने रतलाम सीट से 2009 का लोकसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2014 में भाजपा के दिलीप सिंह भूरिया से हार गए. 2015 में, दिलीप सिंह के निधन से यह सीट खाली हो गई और उपचुनाव में कांग्रेस नेता कांतिलाल ने एक बार फिर यहां से जीत दर्ज की. लेकिन 2019 में वह फिर से भाजपा के गुमान सिंह डामोर से हार गए. बीजेपी ने भूरिया के ‘दो पत्नियों वालों को 2 लाख’ वाले बयान की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर एक विशेष समुदाय के तुष्टिकरण का आरोप लगाया है. भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह और कांतिलाल भूरिया पर मंच से बहुसंख्यक हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाया.
कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बयान पर बीजेपी से राज्यसभा सांसद और बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार महिलाओं को अपमानित करने वाले बयान दे रहे हैं. जीतू पटवारी के बाद अब कांग्रेस के नेता कांतिलाल भूरिया ने महिलाओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है. चुनाव में महिला शक्ति कांग्रेस के नेताओं के इस तरह के बयानों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है.
‘जिसकी दो बीवियां उसे मिलेगा 2 लाख रूपए’
कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने गुरुवार को रतलाम के सैलाना में चुनावी सभा में घोषणा की है कि जिस व्यक्ति की दो पत्नियां हैं, उसे दो लाख रुपये सालाना दिए जाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने चुनावी घोषणापत्र में सभी महिलाओं के खातों में एक-एक लाख रुपये देने की बात कही है। इस दौरान कांतिलाल भूरिया पीएम नरेन्द्र मोदी पर जमकर बरसे और उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि अबकी बार, 400 पार। वो पहले कहते थे एक बार मुझे प्रधानमंत्री बना दो तो मैं दो करोड़ नौजवानों को नौकरी दूंगा। 15-15 लाख खाते में जमा करा दूंगा लेकिन कुछ नहीं दिया। भूरिया ने पीएम नरेन्द्र मोदी पर आदिवासी समाज का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने आदिवासी परिवार के लोगों को 10 फीट के गड्ढे में गाड़ दिया। देवास जिले में दो साल की बच्ची को जिंदा गाड़ दिया। सीधी में आदिवासी भाई पर भाजपा नेता पेशाब कर रहा था, तब वे मौन रहे।



