Landslide causes massive destruction in Wayanad, 41 dead, 70 injured, rescue operation underway
वायनाड : केरल के वायनाड जिले में मेप्पाडी के पास विभिन्न पहाड़ी इलाकों में मंगलवार तड़के कई भीषण भूस्खलन हुए. इस आपदा में 41 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 70 लोगों के घायल होने की खबर है जबकि अभी भी कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है. एनडीआरएफ और केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंच गई है.

केरल के वायनाड में ऊंचाई पर स्थित गांवों में मंगलवार को बड़े पैमाने पर हुई भूस्खलन की घटनाओं के बाद तबाह हुए मकान, उफनती नदियां और उखड़े हुए पेड़ों के दृश्य दिखाई दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, गृह मंत्री अमित शाह ने भूस्खलन में फंसे लोगों को लोकर चिंता जाहिर की है।
बारिश से बचाव कार्य में बाधा
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने बताया कि NDRF की टीमों को भूस्खलन वाले क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है. बचाव अभियान में सहायता करने के लिए कन्नूर रक्षा सुरक्षा कोर की 2 टीमें भी वायनाड आ रही हैं. हादसे वाली जगह पर बार-बार होने वाली बारिश से राहत बचाव कार्य में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
CMO ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
केरल के चीफ मिनिस्टर ऑफिस (CMO) ने बताया कि हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए गए हैं. वायुसेना रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है. हेल्थ डिपार्टमेंट- नेशनल हेल्थ मिशन ने भी कंट्रोल रूम सेवाएं शुरू कर दी है. इमरजेंसी सर्विसेज के नंबर भी जारी किए हैं.
हेल्पलाइन नंबर: 9656938689, 8086010833
इलाज के लिए अस्पतालों में को अलर्ट किया
केरल के स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा है कि मरीजों के इलाज के लिए सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है. भूस्खलन के बाद इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए हेल्पलाइन जारी किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वैथिरी, कलपट्टा, मेप्पडी और मननथावाडी के अस्पताल मरीजों के लिए इलाज के लिए तैयार हैं. यहां पर रात में ही स्वास्थ्यकर्मियों को बुला लिया गया था. वायनाड में जरूरत के हिसाब से स्वास्थ्य कर्मियों की अधिक टीमें तैनात कर दी गई हैं.



