La sensibilidad es necesaria al servicio de las vacas: Visheshwar Singh Patel
रायगढ़ दौरे पर छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग अध्यक्ष ने गौशालाओं के बेहतर प्रबंधन पर दिया जोर

रायगढ़।
छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल सोमवार को एक दिवसीय प्रथम प्रवास पर रायगढ़ पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर जिले में संचालित गौशालाओं की स्थिति की समीक्षा की और गौसेवा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
गौशालाओं में सिर्फ औपचारिकता नहीं, मानवीय संवेदना भी जरूरी
बैठक में पटेल ने साफ शब्दों में कहा कि गौशालाओं का संचालन केवल दिखावे तक सीमित न रहे, बल्कि गायों की सेवा में गहरी मानवीय संवेदना झलकनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक गौशाला में गायों के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी, और बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बीमार और वृद्ध गायों के लिए विशेष उपचार व्यवस्था करने पर भी बल दिया।
सड़क पर घूमती गायों को सुरक्षित करने की रणनीति पर चर्चा
पटेल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क पर आवारा घूमने वाली गायें दुर्घटनाओं का शिकार हो रही हैं और कभी-कभी तस्करों के हाथ भी लग सकती हैं। इस समस्या के समाधान हेतु गायों के संरक्षण और व्यवस्थित देखभाल के लिए व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने इस दिशा में ठोस कदम उठाने पर बल दिया।
किसानों और गायों के बीच पुराना रिश्ता फिर से जोड़ने की पहल
गौ सेवा आयोग अध्यक्ष ने किसानों और गायों के बीच पुनः पारंपरिक संबंध स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोबर और गौमूत्र का औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में उपयोग बढ़ाने के लिए किसानों को आधारभूत प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न केवल गायों को संरक्षण मिलेगा, बल्कि किसानों को भी आर्थिक लाभ होगा और उनके घरों में गायों का पुनः वास संभव हो सकेगा।
समाज के हर वर्ग से योगदान की अपील
पटेल ने कहा कि “गौ माता विश्व माता है” और गौ सेवा एक पुनीत कार्य है। इसे सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग का सक्रिय योगदान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गंभीरता से कार्य कर रही है।



