Bhoomi Pujan program was completed for the construction of commercial building in Bhatapara
सौरभ बरवाड़/भाटापारा- नगर पालिका परिषद के समीप स्थित पुराने सी.एम.ओ. हाउस परिसर में प्रस्तावित व्यावसायिक भवन के निर्माण हेतु आज भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।

यह व्यावसायिक भवन न केवल भाटापारा की व्यापारिक आवश्यकताओं को पूरा करेगा, बल्कि नगर के समग्र विकास में एक नई दिशा प्रदान करेगा। यह परियोजना स्थानीय व्यापारियों, युवाओं एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को सशक्त आधार प्रदान करने वाली है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा, “भाटापारा नगर व्यापारिक दृष्टि से निरंतर प्रगति कर रहा है। यह व्यावसायिक भवन व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक गति प्रदान करेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के स्थायी अवसरों का सृजन करेगा। यह सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर एक ठोस कदम है।”
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा, “यह भवन न केवल आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। हम प्रयासरत हैं कि भाटापारा को व्यवस्थित, सुदृढ़ एवं नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण नगर के रूप में विकसित किया जाए। यह भवन निश्चित ही जन आकांक्षाओं का केन्द्र बनेगा।”
शिवरतन शर्मा एवं अश्वनी शर्मा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी देने एवं उसे मूर्त रूप देने हेतु प्रदेश नेतृत्व, स्थानीय प्रशासन एवं नगरवासियों के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर विशेष रूप से नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप छाबड़िया, सभापति गोविंद पटेल, मनीष मिश्रा, कुंजराम कोशले, पार्षद रामशिला साहू, सतीश साहू, नंदू वैष्णव, भुवन सिंह ठाकुर, राजेश साहू, मनीष पंजवानी, प्रकाश ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, महामंत्री राकेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष योगेश अनंत, प्रदेश भाजयुमो से अविनाश शर्मा, आशीष टोडर सहित, भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारीगण, पार्षदगण, व्यापारीगण, गणमान्य नागरिक, एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।



