Monsoon is on the rise in Chhattisgarh: Yellow alert for heavy rain in 15 districts, administration on alert mode
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बारिश की तीव्रता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। खास तौर पर बस्तर संभाग और सरगुजा क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इसी के साथ 15 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, सूरजपुर, जशपुर, बलरामपुर सहित बस्तर के सभी जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। अन्य हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।
रुक-रुक कर जारी है बारिश का दौर
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली है। खेतों में जल भराव शुरू हो गया है और किसानों की उम्मीदें भी जागी हैं। बस्तर संभाग के कई जिलों में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
समय से पहले पहुंचा मानसून
इस बार मानसून निर्धारित तिथि 1 जून से 8 दिन पहले, 24 मई को ही केरल पहुंच गया था, जिससे देशभर में समय से पहले सक्रियता देखी गई। छत्तीसगढ़ में यदि ब्रेक की स्थिति न बने और मानसून सामान्य गति से 15 अक्टूबर तक बना रहे, तो 145 दिनों की वर्षा अवधि प्राप्त हो सकती है, जो फसलों के लिए लाभदायक होगी।
प्राकृतिक आपदाओं का भी खतरा
हालांकि यह मानसून कृषि के लिए अनुकूल है, लेकिन लगातार बारिश से भूस्खलन, जलभराव और बिजली गिरने जैसी आपदाओं का भी खतरा बढ़ गया है। प्रशासन को चाहिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और लोगों को समय-समय पर सतर्क करते रहें।



