नई दिल्ली: Meta अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को एक-दूसरे से और ज़्यादा जोड़ने की दिशा में एक नया फ़ीचर ला रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, जल्द ही WhatsApp में ऐसा अपडेट आएगा, जिससे यूज़र्स अपनी प्रोफाइल पिक्चर सीधे Instagram या Facebook से इंपोर्ट कर सकेंगे।

कैसे काम करेगा यह नया फ़ीचर?
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह फ़ीचर WhatsApp Beta के Android वर्जन 2.25.21.23 में देखा गया है और फिलहाल कुछ चुनिंदा बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध है। आने वाले हफ्तों में इसे बाकी यूज़र्स के लिए भी रोलआउट किया जाएगा।
अभी तक WhatsApp पर प्रोफाइल फोटो सिर्फ़ कैमरा, गैलरी, अवतार या AI इमेज से ही सेट की जा सकती थी। लेकिन, इस नए अपडेट के बाद जब आप प्रोफाइल एडिट करेंगे, तो आपको Instagram और Facebook से फोटो चुनने का विकल्प भी मिलेगा। इसका मतलब है कि अगर आपकी Insta या FB पर कोई पसंदीदा पुरानी फोटो लगी है, जिसे आप WhatsApp पर भी लगाना चाहते हैं, तो आपको उसे डाउनलोड या स्क्रीनशॉट लेने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। आप एक क्लिक में बिना क्वालिटी खोए सीधे उस फोटो को WhatsApp प्रोफाइल पर सेट कर पाएंगे।
अकाउंट्स को करना होगा Sync
इस फ़ीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूज़र्स को अपने WhatsApp, Facebook और Instagram अकाउंट्स को Meta Accounts Center में लिंक करना होगा। Meta ने इस साल की शुरुआत में यह सुविधा देना शुरू किया था, और अब इसके ज़रिए कई इंटर-कनेक्टेड फीचर्स भी आ चुके हैं।
Meta लगातार अपने प्लेटफॉर्म्स को आपस में जोड़ने की कोशिश कर रहा है। यूज़र्स अब Instagram स्टोरी को सीधे WhatsApp पर शेयर कर सकते हैं और बिज़नेस अकाउंट्स पर WhatsApp बटन जोड़ सकते हैं, जिससे ग्राहक सीधे WhatsApp पर पहुंच सकें। WhatsApp का यह नया फ़ीचर न केवल यूज़र्स की प्रोफाइल सेटिंग को आसान बनाएगा, बल्कि Meta ऐप्स के बीच बेहतर इंटीग्रेशन की दिशा में एक और बड़ा कदम साबित होगा।



