जम्मू-कश्मीर: सेना ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों के खात्मे के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन महादेव’ के बाद अब एक और बड़ी कार्रवाई शुरू की है। इसी कड़ी में, बुधवार को पुंछ जिले के अंतर्गत कसलीयां में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया। सेना ने इस सफल कार्रवाई को ‘ऑपरेशन शिवशक्ति’ नाम दिया है।

LoC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, भारी मात्रा में हथियार बरामद
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया, “भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पार कर घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया। त्वरित कार्रवाई और सटीक गोलाबारी ने उनके नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।” सेना ने मुठभेड़ स्थल से तीन हथियार बरामद किए हैं। यह अभियान खुफिया इकाइयों और जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली सटीक सूचनाओं के कारण सफल रहा। फिलहाल, ऑपरेशन शिवशक्ति जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सीमा पार से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों के एक समूह को सेना के जवानों ने रोका, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने पहले एक ‘एक्स’ पोस्ट में बताया था कि पुंछ सेक्टर के जनरल इलाके में बाड़ के पास सैनिकों ने दो संदिग्धों की गतिविधि देखी थी, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हुई। सतर्क जवानों ने मंगलवार देर रात देगवार सेक्टर के मालदीवलन इलाके में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों की गतिविधि देखी थी। फायरिंग के दौरान ही दो आतंकवादियों को गोली लगी, जिससे वे ढेर हो गए।
श्रीनगर में सफल रहा था ‘ऑपरेशन महादेव’
यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन महादेव’ की सफलता के ठीक बाद हुई है, जिसे सेना ने रविवार को श्रीनगर में चलाया था। इस अभियान के तहत श्रीनगर के दाचीगाम मूलनार में सुरक्षाबलों ने तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। इनमें पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड सुलेमान उर्फ सुलेमानी उर्फ हाशिम मूसा और उसके दो साथी आतंकी शामिल थे।
इन आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सेना ने दो दिन पहले ऑपरेशन महादेव शुरू किया था, जो सोमवार देर शाम तक जारी रहा था। ऑपरेशन में मारे गए आतंकवादियों की पहचान सुलेमान शाह, जिबरान और अबू हमजा अफगानी के रूप में हुई है। यह लगातार दूसरी बड़ी सफलता है जो सुरक्षाबलों को आतंकवाद विरोधी अभियानों में मिली है।



