Truecaller ने iPhone यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है, जिसमें उसने कॉल रिकॉर्डिंग फीचर को 30 सितंबर 2025 से बंद करने की घोषणा की है। यह फैसला उन यूजर्स के लिए एक झटका है जो इस फीचर का इस्तेमाल करते थे।
ट्रूकॉलर ने इस फीचर को दो साल पहले ही iOS प्लेटफॉर्म पर शुरू किया था, लेकिन Apple की सख्त प्राइवेसी पॉलिसी के कारण इसे लागू करना हमेशा एक चुनौती रहा है। Android के मुकाबले, Apple सीधे तौर पर थर्ड-पार्टी ऐप्स को कॉल रिकॉर्ड करने की अनुमति नहीं देता। ट्रूकॉलर ने इसे ‘मर्ज की गई रिकॉर्डिंग लाइन’ के जरिए मैनेज किया था, लेकिन अब कंपनी ने इसे बंद करने का निर्णय लिया है।

ट्रूकॉलर के iOS हेड, नकुल काबरा के अनुसार, कंपनी अब अपने मुख्य फीचर्स, जैसे लाइव कॉलर ID और ऑटोमैटिक स्पैम ब्लॉकिंग पर ध्यान केंद्रित करना चाहती है।
इस फैसले के बाद भी यूजर्स की पुरानी रिकॉर्डिंग्स डिलीट नहीं होंगी। यूजर्स के पास अपनी रिकॉर्डिंग्स को डाउनलोड करने, ईमेल या व्हाट्सएप के जरिए शेयर करने, या iCloud में स्टोर करने का विकल्प रहेगा।
इस बदलाव का एक बड़ा कारण Apple का iOS 18.1 अपडेट भी है, जिसमें कंपनी ने खुद का इनबिल्ट कॉल रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन फीचर शामिल कर दिया है। यह नया फीचर AI-सपोर्टेड ट्रांसक्रिप्शन जैसी सुविधाओं के साथ आता है, जिससे ट्रूकॉलर जैसे ऐप्स की जरूरत कम हो गई है।



