

सौरभ बरवाड़@भाटापारा- समीपस्थ ग्राम सेमरिया में श्री गुहा निषादराज जयंती का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ सम्पूर्ण भक्तिभाव से निषाद समाज के द्वारा किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाटापारा विधायक इन्द्र साव ने शिरकत की। इसी अवसर पर अयोध्या में भगवान श्री राम के नवनिर्मित मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर एक विशाल कलस यात्रा भी निकाली गई। जिसमें ग्राम सेमरिया के अलावा आस-पास के गांवों से महिलाओ व बच्चो का कलश यात्रा में सहभागिता दिखा साथ ही सैकड़ों लोग रामधुन पर नाचते गाते चल रहे थे।
यात्रा समाप्ति पर एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए विधायक इन्द्र साव ने कहा कि, भगवान राम हम समस्त भारतवासियों के दिलों में विराजित है। हर भारतीय के रोम-रोम में प्रभु श्रीराम का वास है। हमारे छत्तीसगढ़ में भगवान श्री राम का ननिहाल माना जाता है। वहीं प्रभु राम को यहां के लोग अपना भांजा मान कर उसके चरण स्पर्श करते है। तभी से हमारे छत्तीसगढ़वासी अपने सगे भांजे को भी प्रभु श्रीराम का अवतार मानकर उनके चरणों का वंदन करते है। यह परंपरा अनादिकाल से आज तक यहां अनवरत चली आ रही है।
इसी अवसर पर ग्राम सेमरिया के सरपंच एवं ग्रामवासियों की मांग पर इस ग्राम के अंदर सी.सी. रोड निर्माण कार्य के लिए भाटापारा विधायक इन्द्र साव ने 5 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की। वहीं ग्रामवासियों ने विधायक महोदय को सेमरिया घाट में बने एनीकट को दिखाते हुए इसमें होने वाले झरण के बारे में बता कर यहां पर पचरी निर्माण करवाने की भी मांग की। जिस पर इन्द्र साव ने उन्हे आश्वस्त करते हुए इसे भी शीघ्र स्वीकृत करावाकर बनवाने की बात कहीं, कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।



