Home Blog अटल जी के विचारों से सशक्त छत्तीसगढ़, सुशासन की राह पर सतत...

अटल जी के विचारों से सशक्त छत्तीसगढ़, सुशासन की राह पर सतत अग्रसर-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

Chhattisgarh, empowered by Atal Ji’s ideals, is continuously moving forward on the path of good governance – Chief Minister Vishnu Deo Sai

मुख्यमंत्री ने रायगढ़ में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल परिसर का किया वर्चुअल लोकार्पण

Ro.No - 13672/140

पहले बजट से अटल परिसरों का संकल्प-वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी

रायगढ़,  भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में अटल शताब्दी वर्ष के अंतर्गत निर्मित 115 अटल परिसरों का लोकार्पण किया। इनमें रायगढ़ नगर पालिक निगम द्वारा सर्किट हाउस चौक में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल परिसर भी शामिल है। ये अटल परिसर सुशासन, स्मृति और प्रेरणा के स्थायी केंद्र के रूप में विकसित किए गए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और लोक कल्याण के मूल्यों से जोड़ेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोकहित के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी चिंतक थे, जिन्होंने राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का सशक्त माध्यम बनाया। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण उनके ऐतिहासिक नेतृत्व और दूरदृष्टि का अविस्मरणीय उदाहरण है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटलजी की सोच “अंतिम व्यक्ति तक विकास” आज भी छत्तीसगढ़ सरकार की नीति और नीयत का मूल आधार है। सुशासन की यह सतत यात्रा अटलजी के आदर्शों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक, मानवीय और सांस्कृतिक संपदाओं से समृद्ध राज्य है और तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में योगदान तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन के संकल्प पर आधारित विशेष वीडियो का भावपूर्ण प्रदर्शन किया गया।

पहले बजट से अटल परिसरों का संकल्प-वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी

वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट से ही प्रत्येक नगरीय क्षेत्र में अटल परिसर निर्माण का संकल्प लिया था, ताकि अटलजी के ऐतिहासिक योगदानों को स्थायी स्मृति के रूप में संरक्षित किया जा सके। आज प्रदेश में 115 अटल परिसरों का लोकार्पण इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश का पहला गुड गवर्नेंस डिपार्टमेंट गठित किया गया है। ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र, प्रशासनिक सरलीकरण तथा तकनीक आधारित सेवाओं से सुशासन को नई गति मिली है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ अंजोर विजन के माध्यम से प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

अटल परिसर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत-महापौर

नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर अटल परिसर का लोकार्पण रायगढ़ के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह परिसर युवाओं को अटल जी के विचारों, मूल्यों और छत्तीसगढ़ निर्माण में उनके अमूल्य योगदान से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने रायगढ़ को महानगर की दिशा में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू ने कहा कि अटलजी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है और छत्तीसगढ़ उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। कार्यक्रम में श्री सुरेश गोयल, श्री सुभाष पांडेय, श्री विवेक रंजन सिन्हा, श्री श्रीकांत सोमावार, विकास केडिया, श्री पवन शर्मा, पार्षदगण, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here