Raipur witnesses a spate of murders, with four deaths in 24 hours creating panic
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के भीतर चार लोगों की मौत की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। होली के दिन तीन अलग-अलग जगहों पर हत्या की वारदात सामने आई, वहीं गुरुवार सुबह गंज थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गंज थाना क्षेत्र की खारून रेलवे कॉलोनी में सुबह लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव खून से सना हुआ था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक की पहचान राजा साहू के रूप में की है, जो चुना भट्टी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक रेलवे कॉलोनी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
इधर, 4 मार्च को होली के दिन रायपुर जिले के अलग-अलग इलाकों में तीन हत्या की घटनाएं सामने आई थीं। खरोरा क्षेत्र में डांस को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने धारदार हथियार से हमला कर युवक की जान ले ली।
वहीं विधानसभा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने ही भाई पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे दिनेश विश्वकर्मा की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तीसरी घटना आरंग थाना क्षेत्र की है, जहां दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक नीरज लोधी का कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे नीरज की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।



