देश भर में कल यानी रविवार, 21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 (NEET-UG) की दोबारा परीक्षा से ठीक पहले एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नागपुर के रहने वाले एक छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब को परीक्षा केंद्र के रूप में भारत का कोई शहर नहीं, बल्कि सीधे अबू धाबी (UAE) का एक स्कूल अलॉट कर दिया गया।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस मामले को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा। अब एनटीए ने इसे लेकर सफाई दी है और बताया है कि कैंडिडेट के खुद के लॉगिन की वजह से ये गड़बड़ी हुई है।

NTA ने बताई असली वजह
नागपुर के कैंडिडेट को अबू धाबी परीक्षा केंद्र अलॉट किए जाने पर हो रही आलोचना के बीच, NTA ने आज शनिवार को बताया कि उनके रिकॉर्ड से पता चलता है कि शहर बदलने का काम कैंडिडेट के अपने रजिस्टर्ड लॉगिन के जरिए करेक्शन विंडो के दौरान किया गया था।
विस्तार से जानें क्या था पूरा मामला?
यह पूरा मामला नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब से जुड़ा है। अब्दुल्ला ने नीट री-एग्जाम के आवेदन में अपनी पसंद के शहरों के तौर पर नागपुर, वर्धा और भंडारा को चुना था। लेकिन जब उसने एनटीए की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उस पर परीक्षा केंद्र के रूप में अबू धाबी (UAE) का एक इंडियन स्कूल लिखा हुआ था।
छात्र के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने बताया कि उनका बेटा एडमिट कार्ड देखकर रोने लगा था और सदमे में था, क्योंकि उसके पास विदेश जाने के लिए पासपोर्ट तक नहीं था। ऐसे में बिना पासपोर्ट के परीक्षा देने अबू धाबी जाना पूरी तरह नामुमकिन था। स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद यह मामला तुरंत सुर्खियों में आ गया।
एनटीए की छात्रों को हिदायत
इस घटनाक्रम के बाद एनटीए ने सभी री-नीट उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपने एडमिट कार्ड की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि परीक्षा केंद्र, व्यक्तिगत जानकारी या फोटो में कोई भी गड़बड़ी या विसंगति नजर आती है, तो बिना देरी किए तुरंत एनटीए हेल्पलाइन पर इसकी रिपोर्ट करें ताकि समय रहते उसमें सुधार किया जा सके। री-नीट 2026 की परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी।



