- बड़पारा शराब भट्ठी के पास शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, अजमानतीय धाराओं में भेजे गए जेल
- कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
- असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों पर कोतवाली पुलिस लगातार कर रही कड़ी कार्रवाई
15 जुलाई, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़पारा शराब भट्ठी के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर अजमानतीय धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 13 जुलाई 2026 को प्रार्थी भरत सिंह ध्रुव (24 वर्ष), निवासी ईतवारी बाजार के पास, बड़पारा, रायगढ़ ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दोपहर करीब 1:00 बजे बड़पारा शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया था। इसी दौरान शराब भट्ठी के पास सड़क पर बिट्टू सारथी, अज्जू बनसदा एवं आकाश चौहान ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर तीनों ने एकराय होकर अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ पकड़कर मुक्का-घूंसों से मारपीट कर उसे चोट पहुंचाई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 373/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों आकाश चौहान (19 वर्ष), निवासी चांदनी चौक गांडा पारा, अज्जू बनसदा (35 वर्ष), निवासी चमड़ा गोदाम वार्ड क्रमांक 38 तथा बिट्टू सारथी (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, चांदनी चौक, फारूकी गली, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। जांच में तीनों की प्रवृत्ति पूर्व से झगड़ा-विवाद करने की पाई गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोतवाली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट हुई है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —
“सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और आमजन से मारपीट करने वालों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त नजर, ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी”


