रायगढ़, सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा रायगढ़ द्वारा जिले के शिक्षण संस्थानों में स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान एवं ब्लड ग्रुपिंग, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
अभियान के तहत 1 से 3 अक्टूबर तक अग्रणी किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ में स्वैच्छिक रक्तदान एवं ब्लड ग्रुपिंग शिविर आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। इसमें शासकीय जिला चिकित्सालय, रायगढ़ की मेडिकल टीम सेवाएं देगी। इसी क्रम में 5 से 10 अक्टूबर तक सरदार वल्लभ भाई पटेल उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया जाएगा।

सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा की चिकित्सा टीम उपस्थित रहेंगे। वहीं 5 से 10 अक्टूबर तक संस्कार पब्लिक स्कूल, कबीर चौक, रायगढ़ में प्राथमिक उपचार संबंधी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। सुबह 9.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर डॉ. अविनाश गुप्ता, डॉ. गुलशन सिदार एवं श्री गिरिजाशंकर प्रधान विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार के आवश्यक तौर-तरीकों की जानकारी देंगे।
रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों एवं प्राचार्यों को कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के महत्व, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के व्यावहारिक कौशल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।



