Home Blog 27 सितम्बर को होगी बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा

27 सितम्बर को होगी बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा

0
जिले में 2728 शिक्षार्थियों का पोर्टल में पंजीयन, जिला जेल में भी बनाया गया विशेष परीक्षा केन्द्र

रायगढ़, जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने की दिशा में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 27 सितम्बर रविवार को किया जाएगा। जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में संचालित साक्षरता केन्द्रों से जुड़े शिक्षार्थी इस मूल्यांकन परीक्षा में शामिल होंगे। राज्य स्तर से रायगढ़ जिले को 2500 शिक्षार्थियों के मूल्यांकन का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 2728 शिक्षार्थियों का पोर्टल पर पंजीयन किया जा चुका है।

जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायगढ़ के जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि शिक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केन्द्रों पर प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक शिक्षार्थी को मूल्यांकन परीक्षा पूर्ण करने के लिए तीन घंटे का समय दिया जाएगा। शिक्षार्थी निर्धारित अवधि के दौरान अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा केन्द्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिक्षार्थियों की सुविधा और सुगम पहुंच को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही जिला जेल में भी विशेष परीक्षा केन्द्र बनाया जाएगा, जहां लगभग 40 शिक्षार्थी बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा में शामिल होंगे।

Ro.No - 13954/82
शत-प्रतिशत साक्षर जिला बनाने का लक्ष्य

रायगढ़ जिले को इस वर्ष शत-प्रतिशत साक्षर जिला बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक शिक्षार्थी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। सभी पंजीकृत शिक्षार्थियों की परीक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी, स्वयंसेवी शिक्षक एवं साक्षरता कार्यकर्ताओं द्वारा आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। मूल्यांकन परीक्षा के माध्यम से शिक्षार्थियों की बुनियादी पढ़ने-लिखने तथा संख्या ज्ञान संबंधी दक्षताओं का आकलन किया जाएगा। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायगढ़ ने सभी पंजीकृत शिक्षार्थियों से अपील की है कि वे 27 सितम्बर को अनिवार्य रूप से परीक्षा में शामिल हों और रायगढ़ को शत-प्रतिशत साक्षर जिला बनाने के अभियान में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here