Home Blog आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा संकल्प की गतिविधियांे में मुनगा पौधरोपण के साथ...

आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा संकल्प की गतिविधियांे में मुनगा पौधरोपण के साथ पोषण पर जोर

0

रायगढ़ / सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं और परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी परिसरों में मुनगा पौधरोपण किया जा रहा है।

पुसौर के तड़ोला डीपापारा आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम की शुरुआत मुनगा पौधरोपण से हुई। संतुलित आहार के पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया तथा गर्भवती महिला की गोदभराई कर उन्हें उपहार दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन को प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। बच्चों को न्योता भोज कराया गया और अनौपचारिक शिक्षा के लिए खिलौने प्रदान किए गए। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। सेक्टर खोखरा के आंगनबाड़ी केंद्र में भी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन का सम्मान, कुर्सी दौड़ और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई।

Ro.No - 13998/148

मिट्ठुमुड़ा के आँगनबाड़ी केंद्रों में सुकन्या, नोनी, महतारी वंदन और प्रधानमंत्री मातृत्व योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा फॉर्म भरवाए गए। कार्यक्रम में आवास व आयुष्मान योजना की लाभार्थियों सहित अन्य हितग्राहियों का तिलक लगाकर स्वागत हुआ। साथ ही कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनों को श्रीफल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान न्यौता भोज, गोदभराई, मुनगा पौधरोपण, पोषण प्रदर्शनी और खिलौना बैंक जैसी गतिविधियाँ भी संपन्न हुईं। इसी तरह चेलीटोंगरी, डुमरपाली, पामगढ़, सुर्री बस्ती, रानीसागर खड़ियापारा, काकईमुड़ा-2, एकताल-3, कर्राजोर-1, तड़ोला स्कूल बस्ती, बिंजकोट-1 एवं परसकोल-2 सहित अन्य केंद्रों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का सम्मान किया गया। मुनगा पौधरोपण के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी और बच्चों को न्योता भोज भी कराया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here