शॉल, माला एवं लैपटॉप भेंट कर बढ़ाया हौसला —

सेजेस रायकेरा के कक्षा 10वीं के छात्र ने रचा गौरवपूर्ण इतिहास
घरघोड़ा/रायगढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय रायकेरा, वि.खं.-घरघोड़ा, जिला-रायगढ़ के कक्षा 10वीं के छात्र संजय कुमार बिरहोर ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा जारी विशेष पिछड़ी जनजाति (बिरहोर) मेरिट सूची में छत्तीसगढ़ स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
संजय कुमार बिरहोर की इस शानदार उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री माननीय श्री ओ.पी. चौधरी जी ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। मंत्री श्री चौधरी ने छात्र को माला पहनाकर एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा प्रोत्साहन स्वरूप लैपटॉप प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
*शिक्षा विभाग एवं विद्यालय परिवार ने जताया हर्ष-*
सम्मान समारोह में जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारी श्री एस.एन. साहू, जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़, श्री आलोक स्वर्णकार, डीएमसी रायगढ़, विद्यालय के प्राचार्य श्री शैलेंद्र कुमार कर्ण, प्रभारी श्री रामकुमार पटेल एवं विद्यालय के श्री मुरलीधर साहू उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने संजय की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसे निरंतर मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संजय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उच्च पद पर आसीन होकर समाज एवं देश की सेवा करने का आशीर्वाद दिया।
*अन्य विद्यार्थियों के लिए बना प्रेरणास्रोत-*
संजय कुमार बिरहोर की यह उपलब्धि उसके कठिन परिश्रम, लगन एवं प्रतिभा का प्रमाण है। विशेष जनजाति वर्ग से आने वाले छात्र द्वारा प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना विद्यालय एवं जिले के लिए गौरव की बात है। उसकी सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय परिवार ने संजय कुमार बिरहोर को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।




