मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया, फॉर्म-6 और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप की दी गई जानकारी
9 युवाओं ने मतदाता पंजीयन के लिए किया आवेदन
रायगढ़, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नवीन शासकीय महाविद्यालय चपले में मतदाता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, फॉर्म-6 और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप की जानकारी दी गई। इस दौरान 9 युवाओं ने मतदाता पंजीयन के लिए आवेदन किया।
महाविद्यालय के स्वीप नोडल एवं ईएलसी समन्वयक राजेश कुमार लहरे ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी के महत्व से अवगत कराया। वहीं, बूथ लेवल ऑफिसर शैलेश कुमार पांडे ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री गोविंद सिंह राठिया ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया गया।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in अथवा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।



