Home Blog विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में 38 संकुलों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा,...

विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में 38 संकुलों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेता जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग

0

रायगढ़, विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड रायगढ़ में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के सभी 38 संकुलों से माध्यमिक स्तर तथा हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के वे विद्यार्थी शामिल हुए, जिन्होंने अपने-अपने संकुल में आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता बनकर विकासखंड स्तर पर अपनी जगह बनाई थी।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी ज्ञान क्षमता, तार्किक चिंतन, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान एवं बौद्धिक क्षमता का आकलन किया गया। इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.पी. पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्विज प्रतियोगिताएं बच्चों की तार्किक क्षमता, सोचने-समझने की शक्ति एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान देने, नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने तथा निरंतर प्रश्नों के अभ्यास के माध्यम से अपने ज्ञान में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, जिज्ञासा एवं निरंतर अभ्यास से विद्यार्थी भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

Ro.No - 13998/148

सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करने, ज्ञान के प्रति जिज्ञासा बनाए रखने तथा ऐसी प्रतियोगिताओं में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप माध्यमिक स्तर से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी स्तर से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में विकासखंड रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रश्न निर्माण करने वाले शिक्षकगण, व्याख्याता, मंच संचालन करने वाले शिक्षक तथा सभी संकुल शैक्षिक समन्वयकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने एवं शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में लॉयन्स क्लब रायगढ़ मिडटाउन क्लब का सहयोग सराहनीय रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here