Home Blog रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी, अध्यक्ष पद...

रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी, अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला

0
– 4 नवंबर को होगा मतदान, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर एकल उम्मीदवार होने से निर्विरोध निर्वाचन तय!

रायगढ़। जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के द्विवार्षिक चुनाव (2026-28) को लेकर तस्वीर अब पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। आगामी 4 नवंबर 2026 को होने वाले मतदान के लिए निर्वाचन मंडल ने 27 अक्टूबर को अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी है। नामांकन पत्र जमा करने एवं उनकी संवीक्षा (स्क्रूटनी) की प्रक्रिया 24 अक्टूबर को पूरी हुई थी, जबकि 26 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित थी। अंतिम सूची जारी होने के साथ ही विभिन्न पदों पर चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है। इस बार अध्यक्ष, सचिव और सह सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर एकल उम्मीदवार होने के कारण इनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।

– अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, तीनों प्रत्याशियों की अपनी पहचान

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद के लिए सत्येंद्र सिंह, मनोज कुमार तिवारी और महेंद्र सिंह यादव मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों की अपनी अलग पहचान और समर्थक वर्ग है, जिसके चलते मुकाबला रोचक होने की संभावना है। सत्येंद्र सिंह पूर्व में भी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहीं, महेंद्र सिंह यादव को युवा अधिवक्ताओं के बीच लोकप्रिय माना जाता है। दूसरी ओर, वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार तिवारी अपने सौम्य व्यवहार और अलग छवि के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव में अनुभव, युवा समर्थन और व्यक्तिगत संपर्क की अहम भूमिका रहने की संभावना है। तीनों प्रत्याशियों के बीच होने वाले इस मुकाबले पर अधिवक्ता समुदाय की निगाहें टिकी हुई हैं।

Ro.No - 14097/135
– उपाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी आमने-सामने

उपाध्यक्ष पद के लिए प्रवीर क्रांति राय और संजय कुमार शर्मा के बीच सीधा मुकाबला होगा। दोनों प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में इस पद पर भी मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना जताई जा रही है।

– उपाध्यक्ष कनिष्ठ (महिला) पद पर ज्योति किरण मार्को और विमला महंत में मुकाबला

उपाध्यक्ष कनिष्ठ (महिला) पद के लिए कु. ज्योति किरण मार्को और कु. विमला महंत प्रत्याशी हैं। इस पद पर दोनों महिला अधिवक्ताओं के बीच सीधा मुकाबला होगा। मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा कि अधिवक्ता किस प्रत्याशी पर अपना भरोसा जताते हैं।

– सचिव पद पर पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

जिला अधिवक्ता संघ के महत्वपूर्ण पद सचिव के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें जय कुमार मालाकार, कोमल प्रसाद साहू, मेदिनी प्रसाद मिश्रा, संजय कुमार दास और श्रीमती शारदा मुल्लिक (कुलकर्णी) शामिल हैं। सचिव पद पर पांच प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने से चुनावी सरगर्मी बढ़ने की संभावना है। इस पद पर महिला अधिवक्ता की मौजूदगी भी चुनाव को खास बना रही है। सभी प्रत्याशियों के लिए अधिवक्ताओं का समर्थन जुटाना अहम चुनौती होगी।

– सह सचिव पद पर प्रेम नारायण मौर्य और भावेश स्वर्णकार के बीच मुकाबला

सह सचिव पद के लिए भावेश स्वर्णकार और प्रेम नारायण मौर्य आमने-सामने हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम नारायण मौर्य अपने मृदुभाषी स्वभाव और अधिवक्ताओं के बीच अच्छे व्यवहार के लिए पहचाने जाते हैं। वहीं, युवा प्रत्याशी भावेश स्वर्णकार भी इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में इस पद पर अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।

– कोषाध्यक्ष पद पर शकुंतला चौहान निर्विरोध निर्वाचित होना तय!

कोषाध्यक्ष पद के लिए सुश्री शकुंतला चौहान एकमात्र प्रत्याशी हैं। अंतिम सूची में इस पद पर किसी अन्य उम्मीदवार का नाम नहीं होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है।

– सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर गोपीराम यादव अकेले प्रत्याशी

सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद के लिए गोपीराम यादव एकमात्र प्रत्याशी हैं। इस पद पर भी किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है।

– ग्रंथालय सचिव पद पर दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

ग्रंथालय सचिव पद के लिए अनिल कुमार श्रीवास्तव और कौशल सिंह राजपूत चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। इस पद के लिए भी अधिवक्ताओं का समर्थन निर्णायक साबित होगा।

– कार्यकारिणी सदस्य महिला (आरक्षित) के दो पदों के लिए तीन प्रत्याशी

कार्यकारिणी सदस्य महिला (आरक्षित) के दो पदों के लिए तीन प्रत्याशियों के नाम अंतिम सूची में शामिल हैं। इनमें कु. दीपा निराला, श्रीमती काजल सिंह पैकरा और श्रीमती सोनिया मिश्रा (जे.) शामिल हैं। दो पदों के लिए तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।

– कार्यकारिणी सदस्य (अनारक्षित) के चार पदों के लिए चार प्रत्याशी

कार्यकारिणी सदस्य (अनारक्षित) के चार पदों के लिए कु. अहिल्या गुप्ता, कु. प्रीति महंत, प्रवीण कुमार साहू और श्रीमती शकुंतला विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं। चार पदों के लिए चार प्रत्याशी होने के कारण इस श्रेणी में सभी प्रत्याशियों का निर्वाचन निर्विरोध होना तय माना जा रहा है।

– प्रचार अभियान तेज, 4 नवंबर को होगा मतदान

अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद अब सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर चुनावी रणनीति बनाने और अधिवक्ताओं से संपर्क साधने में जुट गए हैं। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रचार अभियान में तेजी आने की संभावना है।

जिला अधिवक्ता संघ का यह चुनाव कई मायनों में दिलचस्प माना जा रहा है। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, सचिव पद पर पांच प्रत्याशियों की दावेदारी और सह सचिव पद पर दो अलग-अलग पीढ़ियों के प्रतिनिधियों के बीच प्रतिस्पर्धा चुनाव को रोचक बना रही है। अब देखना होगा कि 4 नवंबर को होने वाले मतदान में अधिवक्ता किसे अपना समर्थन देते हैं और किन प्रत्याशियों के सिर जीत का ताज सजता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here