खरसिया :- रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र अंतर्गत कुनकुनी स्थित वेदांता रेलवे साइडिंग में कथित तौर पर अवैध रेत डंपिंग का मामला सामने आने के बाद खनिज विभाग हरकत में आ गया है। ग्राम जबलपुर से ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत लाकर रेलवे साइडिंग परिसर में डंप किए जाने की शिकायत के बाद मामला सुर्खियों में आया , जिसके बाद खनिज विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच और छापेमार कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने वेदांता रेलवे साइडिंग में जांच के दौरान रेत और गिट्टी का डंप पाया। मौके पर लगभग 70 से 80 ट्रैक्टर रेत के साथ लगभग 300 से 350 टन गिट्टी भी मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद विभाग ने वेदांता रेलवे साइडिंग के संबंधित जिम्मेदार को तीन दिन का नोटिस जारी कर डंप की गई रेत और गिट्टी से संबंधित वैध रॉयल्टी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर खनिज सामग्री की वैधता और रॉयल्टी से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार पेनल्टी लगाने तथा आगे की कार्रवाई करने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
– जबलपुर से कुनकुनी तक रेत परिवहन पर उठे सवाल!
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि ग्राम जबलपुर से ट्रैक्टरों के जरिए लाई जा रही रेत का स्रोत क्या है? और क्या खनिज सामग्री के परिवहन और भंडारण के लिए आवश्यक अनुमति तथा रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज उपलब्ध हैं?
वेदांता रेलवे साइडिंग के संबंधित जिम्मेदार को जारी तीन दिन का नोटिस इस मामले में अहम कदम माना जा रहा है। यदि निर्धारित समय में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो विभागीय नियमों के अनुसार जुर्माना, पेनल्टी अथवा अन्य वैधानिक कार्रवाई की स्थिति बन सकती है।
फिलहाल, कुनकुनी स्थित वेदांता रेलवे साइडिंग में कथित अवैध रेत डंपिंग का मामला जांच के दायरे में है। विभागीय कार्रवाई के अगले चरण और वेदांता रेलवे साइडिंग के संबंधित जिम्मेदार द्वारा नोटिस के जवाब पर दिए जानेवाले स्पष्टीकरण पर आम लोगों की नजर बनी हुई है।
वर्जन
नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब पश्चात नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
रामाकांत सोनी
खनिज अधिकारी रायगढ़।



