Third FIR against Prajwal Revanna: Charge of sexual harassment against BJP leader who exposed Prajwal Revanna sex tape
कर्नाटक पुलिस ने भाजपा नेता देवराज गौड़ा को राज्य के चित्रदुर्ग के पास छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न और उनके खिलाफ दर्ज एससी/एसटी मामले में हिरासत में लिया है. उन्हें पूछताछ के लिए हसन लाया जाएगा. पुलिस के अनुसार उन्हें प्रज्वल रेवन्ना सेक्स स्कैंडल मामले में हिरासत में नहीं लिया गया. देवराज को उनके खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में हिरासत में लिया गया है.

प्रज्वल रेवन्ना के कथित सेक्स स्कैंडल को उजागर करने वाले बीजेपी नेता देवराज गौड़ा के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं. मामले में एफआईआर 1 अप्रैल को दर्ज की गई थी. हालांकि, इसका खुलासा अब हुआ है. देवराज गौड़ा वही शख्स हैं, जिन्हें कर्नाटक के हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना के कथित सेक्स स्कैंडल को उजागर करने वाले मुख्य किरदारों में से एक माना जाता है.
देवराज गौड़ा के खिलाफ होलेनरसीपुरा टाउन पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. महिला के पति ने 30 मार्च को देवराज गौड़ा के खिलाफ शिकायत की थी. उन्होंने आरोप लगाया है कि गौड़ा ने उनके घर में घुसकर दुर्व्यवहार किया और धमकी भी दी. हालांकि, माना जा रहा है कि मामला प्रॉपर्टी की बिक्री से जुड़ा हुआ है.
पुलिस ने बताया कि देवराजे गौड़ा के खिलाफ हासन जिले की 36 वर्षीय एक महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. महिला ने आरोप लगाया है कि देवराजे गौड़ा ने उसकी संपत्ति बेचने में मदद करने के बहाने उनके साथ छेड़छाड़ की. बीजेपी नेता इस मामले पर प्रतिक्रिया देने के लिए उपलब्ध नहीं हुए.
10 महीने तक परेशान करने का आरोप
प्रॉपर्टी से जुड़े मामले को लेकर ही महिला की देवराज गौड़ा से पहचान हुई थी. महिला का दावा है कि देवराज ने मदद के नाम पर उसका यौन उत्पीड़न किया. FIR के मुताबिक देवराज गौड़ा ने महिला को प्रॉपर्टी बेचने में मदद करने के बहाने 10 महीने तक परेशान किया.
सुनसान जगह पर ले जाकर की छेड़छाड़
शिकायत में पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि देवराज गौड़ा उसे सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ छेड़छाड़ की. इतना ही नहीं गौड़ा ने उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित ने अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग भी की है.
उधर जेडीएस सांसद और हासन सीट से लोकसभा चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ बलात्कार का एक और मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही कई महिलाओं के कथित यौन शोषण से जुड़े मामलों की संख्या तीन हो गई है. वह फिलहाल फरार चल रहे हैं और माना जाता है कि वह विदेश में छिपे हुए हैं. प्रज्वल के खिलाफ इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर उसके ठिकाने की जानकारी मांगी गई है.
प्रज्वल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376(2)(एन), 376(2)(के), 354(ए), 354(बी), 354(सी) और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है. ये मामले बार-बार बलात्कार, ताक-झांक, फिल्मांकन, यौन संबंधों की मांग, कपड़े खींचने, छेड़छाड़ और धमकी देने से संबंधित हैं. एसआईटी सूत्रों की ओर से पीड़िता का ब्योरा साझा नहीं किया गया है.
प्रज्वल पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीए सुप्रीमो एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) उम्मीदवार के रूप में हासन में 26 अप्रैल के लोकसभा चुनाव में खड़े हुए थे. उनकी पार्टी ने 2023 में बीजेपी के साथ गठबंधन किया था.



