दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना: 30 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 30 जुलाई 2026 राज्य सरकार की दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना को अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा योजना को भारत सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर ऑनबोर्ड कर दिया गया है। अब दिव्यांग विद्यार्थियों को आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी करनी होगी। चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी।
उप संचालक समाज कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं। पात्र छात्र-छात्राएं 30 सितंबर 2026 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में संबंधित विद्यालय अथवा शिक्षण संस्था द्वारा आवेदनों की जांच की जाएगी, जिसकी अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इसके बाद दूसरे चरण में जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 है। दोनों स्तरों पर सत्यापन के बाद पात्र पाए गए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी संबंधित विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग छात्र-छात्राएं इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा सकें। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।



