मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों की बैठक*
*जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने तथा सचेत रहकर सतत मॉनिटरिंग के निर्देश*

सौरभ बरवाड़/बलौदाबाजार- 28 मार्च 2026/ मध्य एशिया की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर जिलेवार स्थिति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए आम नागरिकों को किसी भी तरह से घबराने या किसी भी प्रकार की अफवाह या दुष्प्रचार से प्रभावित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का संग्रहण न करने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थो और एलपीज़ी को लेकर कोई अप्रिय स्थिति नहीं है लेकिन भविष्य के लिये सतर्कता जरुरी है। उन्होंने सतत मॉनिटरिंग करने और जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिये।
*वितरण केंद्रों में स्थापित किये जाएंगे सीसीटीवी कैमरे*- एलपीज़ी की सुव्यवस्थित वितरण एवं मॉनिटरिंग हेतु जिले के सभी 20 वितरण केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा स्थापित कर उसका फीड जिला कंट्रोल रूम में देने के निर्देश जिला खाद्य अधिकारी को दिये गए। इसके साथ ही एलपीज़ी सिलेंडर ट्रक व टैंकर को परिवहन के दौरान किसी प्रकार की बाधा न हो यह भी सुनिश्चित कराने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया।
*निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराएं*
एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल तय किया गया है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।व्यावसायिक एलपीजी उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबो को भी आपूर्ति किया जाएगा।बिना लाइसेंस 100 किलोग्राम से अधिक गैस भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
*उपभोक्ताओं को दें सही जानकारी*- प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और उचित मूल्य दुकानों को निर्देश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यक वस्तुओं का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सकें।जिला प्रशासन द्वारा मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण मानते हुए सकारात्मक और केवल तथ्यात्मक खबरों के प्रकाशन की अपील की है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक /133



