A person died after being hit by a high-speed BMW in Mumbai, died 7 days after the accident;
Mumbai Hit-and-Run: मुंबई में एक और हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है. तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार (BMW) कार की चपेट में आने से एक 28 साल के युवक की मौत हो गई. घटना 20 जुलाई को शहर के वर्ली इलाके में हुई थी. पीड़ित की पहचान विनोद लाड के रूप में हुई है.

दुर्घटना के सात दिन बाद 27 जुलाई को व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. ये हादसा तब हुआ था जब विनोद घर से लौट रहा था, तभी उसके दोपहिया वाहन को पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी. आरोपी की पहचान किरण इंदुलकर के रूप में हुई, जो विनोद को गंभीर चोटें पहुंचाकर मौके से भाग गई थी.
हादसे के 7 दिन बाद हुई मौत
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने लाड को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को भी बुलाया। हालांकि, शनिवार को मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
अधिकारी ने कहा कि ‘हमने आरोपी ड्राइवर किरण इंदुलकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो दुर्घटना के समय अपने मालिक को वर्ली के एक पांच सितारा होटल में ले जा रहा था। पहले उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया था, लेकिन अब हमने लापरवाही से गाड़ी चलाकर मौत का कारण बनने से संबंधित धारा भी जोड़ दी है।’



