जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में आज (बुधवार) एक बड़ा हादसा हो गया। भारी बारिश के बीच भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों को ले जाने वाली एक बस कुल्लान में सिंध नदी में जा गिरी। हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एसडीआरएफ गांदरबल और एसडीआरएफ सब कंपोनेंट गुंड द्वारा सिंध नदी के कुल्लन में एक संयुक्त खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस कुल्लन पुल से नदी में गिरी।

बस खाली थी, ड्राइवर सुरक्षित; कुछ हथियार लापता
गांदरबल पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार तड़के, गांदरबल के रेजिन कुल्लान में, ITBP के जवानों को ले जाने के लिए निर्धारित एक खाली बस मोड़ पर फिसलकर सिंध नदी में गिर गई। बस चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गांदरबल के एसएसपी खलील अहमद पोसवाल ने भी पुष्टि की कि “ITBP की एक बस जवानों को ले जाने के लिए जा रही थी। बस नदी में गिर गई। ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं और बस में कोई जवान नहीं था। ड्राइवर की हालत स्थिर है।”
हादसे के बाद बस से कुछ हथियार गायब बताए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक तीन हथियार बरामद कर लिए गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें बस को निकालने और लापता हथियारों की तलाश में जुटी हुई हैं, और अभियान अभी भी जारी है।



