Aarti of Maa Durga and Kanya Bhoj were organised in a devotional atmosphere.
सेवा भारती समिति रायगढ़ ने महानवमी पर किया 108 कन्याओं का पूजन

रायगढ़। शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर मां शक्ति स्वरूपा की आराधना हेतु सेवा भारती समिति रायगढ़ द्वारा विशेष आयोजन किया गया। 1 अक्टूबर को कोतरा रोड स्थित सुदर्शन कुंज परिसर में 108 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें देवी स्वरूप मानकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवरात्र पर्व का उल्लास चारों ओर छाया रहा और धार्मिक आस्था, सेवा भाव व सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पूजन कार्यक्रम में पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए मां दुर्गा की भव्य आरती की गई। इसके पश्चात् कन्या भोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और कन्याओं का आतिथ्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर सेवा भारती समिति रायगढ़ के पदाधिकारी गण, समाज के गणमान्य नागरिक तथा मातृ शक्तियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। सभी ने मां दुर्गा से देश और हिंदू समाज की मंगलकामना, सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।




