फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (KRK) फर्जी पोस्ट के चक्कर में फंस गए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोशल मीडिया पर शेयर किए फेक स्क्रीनशॉट को लेकर माफी मांग ली। लखनऊ पुलिस की FIR के बाद KRK ने पोस्ट डिलीट कर CM योगी, UP सरकार और पुलिस को टैग करते हुए सफाई दी।

KRK ने क्या पोस्ट किया था?
बता दें कि केआरके ने जिस बयान को अपने X अकाउंट पर शेयर किया था, उसे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कभी दिया ही नहीं था। उसका पोस्ट किया गया स्क्रीनशॉट पूरी तरह नकली था। केआरके ने पोस्ट में लिखा था, ‘सर जी, आपको कोई भी वोट नहीं देगा, तब भी आप जीतोगे, ये तो सब जानते हैं। @ECISVEEP Zindabad।’ इसके साथ उसने सीएम योगी की फोटो लगाकर एक न्यूज पेपर का स्क्रीन शॉट लगाया था जिस पर लिखा था, ”हमें मुस्लिम दलित, यादव वोट नहीं भी मिलेगा तब भी हम सरकार बना लेंगे।”केआरके ने अपने पोस्ट में चुनाव आयोग पर भी तंज कसा था।
FIR और माफी का सफर
- शिकायत: लखनऊ के नरही निवासी राजकुमार तिवारी ने मोहल्ले में देखे पोस्ट पर पुलिस में शिकायत की। उन्होंने इसे हिंदू समाज में गुस्सा फैलाने और सरकार की छवि बिगाड़ने की साजिश बताया।
- FIR: हजरतगंज कोतवाली ने IT Act और नफरत फैलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
- KRK की सफाई: “मैं CM योगी से माफी मांगता हूं। पता चला कि खबर फर्जी है, इसलिए डिलीट कर दिया। भविष्य में सावधान रहूंगा।”



