Home Blog रेलवे कॉलोनी और देवार पारा के बीच फ्लाई ओवर या रेल अंडर...

रेलवे कॉलोनी और देवार पारा के बीच फ्लाई ओवर या रेल अंडर ब्रिज जीवन रक्षक आवश्यकता – विमल चौधरी

0

Fly over or rail under bridge between Railway Colony and Dewar Para is a life saving necessity – Vimal Chaudhary

रायगढ़ । कहने को रायगढ़ जिला मुख्यालय है किंतु मूल तथ्यों पर यदि नजर डाली जाए और भौगोलिक दृष्टिकोण से आकलन किया जाए तो रायगढ़ जिला मुख्यालय लगभग 3 वर्ग किलोमीटर की परिधि में बसा है। रायगढ़ दो भागों में विभक्त है। एक शहरी रायगढ़ जिसमें मार्केट और सारी सुख सुविधाओं से सुसज्जित वातावरण आपको देखने को मिल जाएगा और दूसरा ग्रामीण रायगढ़ जो रेलवे लाइन की दूसरी तरफ बसता है । कहने को यहां करीब 40000 की आबादी निवासरत है, किंतु सुविधाओं के नाम पर आज भी शासन प्रशासन का सौतेला व्यवहार झेलने को मजबूर है । आज तक कोई भी ऐसा प्रशासनिक अधिकारी या राजनीतिक नेतृत्व देखने को नहीं मिला जो रेलवे लाइन की दूसरी तरफ जहां बाजीराव महारापारा, सोनकरपारा, सोनू मुरा,नयापारा, देवारपारा, तेंदूडीपा, खेतपारा अमलीभौना, चमड़ा गोदाम, जैसे और भी कई मोहल्ले स्थित हैं । इस पूरे क्षेत्र को वृहत रायगढ़ के मास्टर प्लान के अंतर्गत शामिल किया जाए या इस इलाके के विकास के बारे में कोई बेहतर योजना बनाई जाए। बहुत दुख होता है यह कहते हुए कि हम भी रायगढ़ के निवासी हैं। जबकि वास्तविकता तो यह है कि हम रायगढ़ जिले के किसी ग्रामीण इलाके के निवासी हैं, जहां ना तो अच्छी सड़के हैं,ना चिकित्सा की कोई सुविधा, ना इस तरफ रेलवे बुकिंग काउंटर की सुविधा, और ना ही बगैर ब्रिज चढ़े प्लेटफार्म से इस तरफ आने की सुविधा, एक तरफ प्रदेश के और देश के मुखिया यह कहते नहीं थकते हैं कि हमने हर घर को पीने के लिए मीठा पानी दिया। किंतु वास्तविकता यह है कि इनमें से अधिकांश इलाकों में पाइप तो बिछ गया है लेकिन पानी की एक बूंद भी आज तक नसीब नहीं हुई । और केवल इतना ही नहीं कहने को यह इलाका नगर निगम क्षेत्र में आता है किंतु नगर निगम में यदि देखा जाए तो शहरी पार्षद और तथाकथित रेलवे लाइन के इस तरफ के पार्षद इन दोनों पक्षों में भी सौतेला व्यवहार देखने को मिलता है,क्योंकि विकास के कार्य जहां शहरों में आए दिन निरंतर जारी रहते हैं , इस तरफ आवश्यक आवश्यकताओं की सुविधा भी नगर निगम देने से हमेशा परहेज करती रही है। आवागमन की दृष्टि से बरसों से लंबित मांग की रेलवे कॉलोनी से रेलवे के पुराने केबिन के पीछे तक एक ओवर ब्रिज या अंडर ब्रिज बनाया जाए जिससे लोग आसानी से इस तरफ से रायगढ़ क्षेत्र की तरफ आना-जाना कर सकें । किंतु शासन प्रशासन की क्या मंशा है वह समझ से परे है कि आज तक इस और भी कोई पहल नहीं की गई है । शासन प्रशासन में बैठे शीर्ष नेतृत्व से क्षेत्र वासियों की यह मांग है कि एक बार संयुक्त दौरा इस क्षेत्र का करें और हमारे नारकीय जीवन से रूबरू होते हुए सर्वप्रथम ओवर ब्रिज या अंडरग्राउंड ब्रिज की मांग को अविलंब पूरा करने का प्रयास करें जिसके लिए क्षेत्रवासी हमेशा आभारी रहेंगे । यह देखने में आया है कि चुनाव के समय भी आमतौर पर कोई बड़े नेता यहां का दौरा नहीं करना चाहते । किंतु चुनावी मजबूरी के तहत किसी किसी एरिया में थोड़ी देर के लिए आकर चुनावी समय में दौरा करते हुए बड़ी-बड़ी बातें करके निकल जाते हैं और क्षेत्र का विकास धरा का धरा रह जाता है। वर्तमान में हम राजनीतिक दलों से, उनके प्रत्याशियों से आग्रह करना चाहते हैं कि एक बार इस क्षेत्र में भी सघन दौरा करें और हमारी दुर्दशा से परिचित होते हुए इस क्षेत्र की समस्या का समाधान सुनिश्चित करें । अब क्षेत्र की जनता जाग चुकी है। अब क्षेत्र की जनता को केवल आश्वासन नहीं जमीनी स्तर पर कार्य चाहिए।

Ro.No - 13672/140

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here