Weather condition: Neither thunder nor shine, Monsoon arrived in Chhattisgarh before time via Sukma
दक्षिण पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में पहली बार सुकमा जिले के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचा है। शनिवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के सुकमा जिले के साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र, ओडिशा के कुछ भाग और तेलंगाना में भी दक्षिण पश्चिम मानसून के प्रवेश की घोषणा की है। विभाग का कहना है कि अब दक्षिण पश्चिम मानसून बड़ी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है।
दक्षिण पश्विम मानसून यानी तेज गर्मी से राहत देने वाला। इसी वजह से मई के खत्म होने के साथ ही लोग मानसून के आगम का दिन गिनने लगते हैं। मानसून का छत्तीसगढ़ पहुंचने का निर्धारित समय 10 जून है। बीते कुछ वर्षों से मानसून इसी तारीख के आसपास छत्तीसगढ़ पहुंच रहा है। यहां बस्तर के रास्ते मानसून की इंट्री होती है। इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से 2 दिन पहले यानी 8 जून को ही राज्य की सीमा में प्रवेश कर गया है।

रविवार को भी छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही बारिश के आसार हैं। दक्षिण पश्चिम मानसून का रायपुर प्रवेश भी समय से पहले होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से काफी ज्यादा बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून सुकमा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंच गया है। सप्ताहभर के भीतर यह पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार सामान्यत: 10 से 15 जून के बीच मानसून रायपुर समेत राज्य के बड़े हिस्से में सक्रिय होत जाता है, जबकि 20 जून के आसपास पूरे राज्य में सक्रिय हो जाता है। इस बार मानसून के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
गर्मी बढ़ेगी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से गर्मी से राहत महसूस की जा रही थी, मगर वातावरण में शुष्कता बढ़ने की वजह से गर्मी बढ़ने के आसार बन रहे हैं। अभी राज्य का सर्वाधिक तापमान 42-43 डिग्री दर्ज किया जा रहा है, जिसमें एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार बन रहे हैं।
कब माना जाता है मानसून
■ जब पश्चिमी हवा प्रबल हो
■ सार्थक नमी हो और बादल छाए रहें
■ लगातार बारिश की संभावना बनी रहनी चाहिए
रायपुर में झमाझम के लिए इंतजार
मौसम विशषज्ञों की मानें, तो रायपुर में मानसून आने की सामान्य तिथि 16 जून है। इस बार भी दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार और एक्टिविटी को देखते हुए उसके सामान्य तिथि के आसपास ही रायपुर पहुंचने के आसार हैं। पिछले साल रायपुर में मानसून की इंट्री 23 जून को हुई थी।
हल्की वर्षा के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चौबीस घंटे में राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चल सकती है। अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, उसके बाद मामूली वृद्धि होने के आसार बन रहे हैं।



