Monsoon 2024: Monsoon knocks in Chhattisgarh, there will be heavy rain
रायपुर। भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे छत्तीसगढ़ के लिए राहत की खबर है. केरल में 30 मई को मानसून ने दस्तक दी थी. जिसके बाद अब लगातार आगे बढ़ रहा है. दक्षिण- पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में थोड़ा और आगे बढ़ गया है, लेकिन अभी यह बस्तर संभाग से आगे नहीं बढ़ पाया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिनों में मानसून की सक्रियता और बढ़ेगी। इससे पूरे राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है।अगले 3-4 दिनों के दौरान ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई जा रही है.

हालांकि राज्य के कई हिस्सों में अब भी तापमान बढ़ा हुआ है और गर्मी ने लोगों को बेचैन कर रखा है। मैदानी क्षेत्रों में पारा अब भी 40 के पार चल रहा है, जबकि सरगुजा संभाग में लू का खतरा बना हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार 16 जून के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती है। फिलहाल राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है। बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर कल अच्छी बारिश हुई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में एक- दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी मौसम विभाग ने दी है। वहीं, रायपुर के मौसम को लेकर अनुमान है कि यहां बादल छाए रह सकते हैं। शाम या रात में गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की बारिश होने की भी संभावना है।



